हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आंबेडकर नगर में शनिवार सुबह खेत में टूटे पड़े एचटी लाइन के तार की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई।
आंबेडकर नगर निवासी दिरगज (65) नगर पालिका का सेवानिवृत्त कर्मचारी था और खेती करता था। शनिवार सुबह वह फसल देखने गया था। इसी दौरान रास्ते में टूटे पड़े एचटी लाइन के तार की चपेट में आने उसे करंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर देर शाम उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में दो बेटे व दो बेटियां हैं। मृतक के भाई महावीर ने बताया कि एचटी लाइन जर्जर होने से हादसा हुआ है। पिहानी के प्रभारी निरीक्षक दिलेर सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।