हरदोई। शासन के निर्देश पर जिला सेवायोजन कार्यालय में गुरुवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 149 बेरोजगारों ने भाग्य आजमाया और 84 को नियुक्ति पत्र थमाया गया। 65 को निराशा हाथ लगी है।
जिला सेवायोजन अधिकारी मीता गुप्ता ने बताया है कि बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्यालय में एक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्र की पांच कंपनियां 634 रिक्तियों के साथ प्रतिभाग कर रही थीं लेकिन बारिश
के कारण दो कंपनियों के अधिकारियों ने आने से मना कर दिया। इधर, बारिश के कारण आवेदक भी कम संख्या में आए। 149 आवेदकों ने आकर उपस्थिति दर्ज कराई। 84 को सेलेक्ट कर लिया गया जबकि 65 को इस बार निराशा हाथ लगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जल्द ही अनुमति लेकर एक रोजगार मेला और लगाया जाएगा जिसकी जानकारी पूर्व से ही दे दी जाएगी।