फोटो-02- घटनास्थल पर जली पड़ी मोटरसाइकिल
- फोटो : HARDOI
हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम फुकहा में गुरुवार की शाम एक घर में आग लग गई। आग से बेटी की शादी के लिए घर में रखी ढाई लाख की नकदी, दहेज की बाइक समेत दो बाइकें जल गईं। आग में सब कुछ जलने से किसान परेशान है। उसे बेटी के हाथ पीले करने की चिंता सता रही है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम फुकहा निवासी भारत खेती करते हैं। गुरुवार की शाम उनके घर में आग लग गई। आग लगने से परिजनों के होश उड़ गए। आग की लपटे देख ग्रामीण मौके पर आ गए। पीड़ितों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। देखते-देखते पूरा घर जल गया।
किसी तरह ग्रामीणों ने एक घंटेे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पीड़ित केे मुताबिक 12 मई को छोटी बेटी की शादी है। शादी के लिए उन्होंने घर में ढाई लाख रुपये जमा करके रखे थे। आग से ढाई लाख रुपये, दहेज में देने के लिए खरीदी बाइक और एक अन्य बाइक व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित ने आगजनी की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग को दी। पुलिस और राजस्व टीम ने जांच कर आग से नुकसान का आंकलन कर मदद का आश्वासन देकर ढांढस बंधाया। घर का सब कुछ आग मेें स्वाहा होने के बाद किसान को बेटी की शादी की चिंता सता रही है। एसओ राजदेव मिश्रा ने बताया कि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।