हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम जरेरा में दो किसानों की मौत राज बन गई है। गुरुवार की देर शाम पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया। पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट से दोनों की मौत का राज खुल सकता है। वहीं पुलिस ने एक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज पर जांच शुरू की है।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम जरेरा निवासी अनिल तिवारी (50) खेती करते थे। बुधवार की दोपहर गेहूं की फसल की कटाई करने गए थे। साथ में गांव के रिश्ते का भतीजा देशराज (45) फसल काट रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार की दोपहर सुरसा के दानमंडी निवासी पप्पू खेत पर आया था। पप्पू ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल मेें शराब होने की बात कही थी, जिसे दोनों शराब समझकर पी गए थे।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसके जाने के कुछ देर बाद दोनों बेहोश हो गए थे। ग्रामीणों ने अचेत पड़ा देख परिजनों को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे परिजन दोनों को घर ले गए थे। शराब पीने की आशंका पर परिजन दोनों को अस्पताल नहीं ले गए थे। गुरुवार की सुबह दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए थे। वहां पर दोनों ने दम तोड़ दिया था।
परिजनों ने पप्पू पर पुरानी रंजिश मेें शराब मेें जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया। विसरा रिपोर्ट जांच के लिए लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विसरा की रिपोर्ट आने के बाद दोनों की मौत का राज खुल सकेगा। सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।