कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम वजीराबाद से सोमवार शाम से लापता किशोर का शव मंगलवार सुबह घर से लगभग 100 मीटर दूर बाग में पेड़ पर फांसी से लटकता मिला। मृतक के पिता ने भूमि विवाद में बेटे की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर तीन भाइयों समेत चार लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की है।
वजीराबाद निवासी दर्शन पड़ोसी गांव बेंहदर कला में बनी पानी की टंकी की चौकीदारी करता है। सोमवार शाम लगभग पांच बजे उसका पुत्र पंकज (15) पानी की टंकी के निकट पिता दर्शन से घर जाने की बात कहकर निकला था। शाम को 7 बजे दर्शन किसी कार्य से घर गया, तो पंकज उसे नहीं मिला। इस पर उसने पत्नी और बड़े बेटे धीरू से पंकज के बारे में पूछा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह दर्शन परिजनों और ग्रामीणों के साथ पुत्र पंकज को खोजने निकला, तो घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित बाग में चांदनी के पेड़ पर पंकज का शव रस्सी से फांसी पर लटक रहा था। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर सीओ संडीला नागेश मिश्रा, थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी की। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उसका भूमि विवाद पड़ोस के गांव खरिका निवासी तिलकचंद्र, शिवदयाल, कन्हैयालाल पुत्रगण राधा और रामसिंह के साथ चल रहा है। उक्त लोगों ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए संडीला भेजा गया है।