पीसीआर कर्मियों ने पीछा कर दबोचे दो झपटमार
नई दिल्ली। शाहीन बाग इलाके में बाइक सवार दो लड़कों ने एक युवक से मोबाइल फोन झपट लिया। उसने फौरन नजदीकी पीसीआर वैन में तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी। दोनों ने पीछा कर मोहम्मद आमान (20) और मोहम्मद मुस्तकीम (22) को धर दबोचा। इससे पूर्व आरोपियों ने जामिया नगर इलाके में एक टैक्सी में तोड़फोड़ भी कर दी थी। पीसीआर के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे एक टैक्सी में तोड़फोड़ की सूचना मिली। पीसीआर पर तैनात सिपाही मोहम्मद सलीम, हवलदार मोहम्मद मुस्लिम और सिपाही सुभाष चंद पहुंचे तो वहां आए मोहम्मद सद्दाम युवक ने अपना मोबाइल फोन झपटने की शिकायत की। पुलिसकर्मियों ने सद्दाम को पीसीआर वैन में बिठाया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों को श्रम विहार इलाके में दोनों आरोपी दिखाई दिए तो पीछा कर उनको दबोच लिया गया। उनसेे झपटा गया मोबाइल फोन बरामद हो गया।