भतीजे से लेनदेन के विवाद में युवक ने भाभी को मौत के घाट उतार दिया। मृतका के पति ने भाई समेत परिवार के ही पांच लोगों के खिलाफ कछौना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लग गई है। मडिलहिया ग्राम पंचायत के मजरा गौहानी में बुधवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाल राम सागर राकेश फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे भी आ गए।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि वारदात को अंजाम देकर मृतका का देवर पप्पू भाग निकला था। मारपीट में उसका साथ देने वाले भी घर पर नहीं थे। मृतका के पति श्रीराम पुत्र रामपाल ने घटना के पीछे चाचा-भतीजे में लेनदेन को बात बताई। बकौल श्रीराम, चार भाइयों में वह सबसे बड़ा है। उससे छोटे पप्पू, भन्नू और छोटू हैं। श्रीराम का पुत्र राहुल और छोटा भाई पप्पू लुधियाना में अलग-अलग फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। 29 अक्तूूबर को मां (पत्नी रामपाल) की मौत हो गई थी।
इस पर पप्पू और राहुल गांव आए थे। राहुल ने चाचा पप्पू से कुछ रुपये उधार लिए थे। बुधवार सुबह पप्पू ने वही रुपये वापस मांगे। बात-बात में झगड़ा होने लगा तो राहुल की मां रेशमा (42) पत्नी श्रीराम बीच-बचाव करने पहुंची। परिवार के अन्य लोग भी जुट गए। देखते-देखते मारपीट होने लगी।
इसी बीच पप्पू ने धारदार हथियार से रेशमा पर वार कर दिया। श्रीराम ने पिता रामपाल, भाई पप्पू, भन्नू, छोटू और रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के संबंध में एएसपी का कहना था, जांच चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।