फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफ का शव रखकर जाम किया हाईवे

Sat, 22 Jul 2017 11:26 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, हरदोई
विज्ञापन
बिल्हौर-कटरा हाईवे पर प्रदर्शन करते व्यापारी व ग्रामीण। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
हरपालपुुर(हरदोई)।  हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में सराफ की गोली मारकर हत्या कर सोने-चांदी से भरा झोला छीन ले जाने की घटना के चलते शनिवार को बाजार बंद रहा। पोस्टमार्टम के बाद सराफ के शव को  बिल्हौर-कटरा हाईवे पर रख कर जाम लगा दिया। आक्रोश को देखते हुए 12 थानेदारों के अलावा दो सीओ और एक कंपनी पीएसी भी तैनात कर दी गई। एएसपी पूर्वी और एसडीएम सवायजपुर के समझाने के बाद जाम हटाया। कड़ी सुरक्षा के बीच पांचाल घाट पर शव का अंतिम संस्कार हुआ। शाम को लखनऊ जोन के आईजी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने एसपी के साथ घटना स्थल का जायजा भी लिया। घटना का खुलासा जल्द करने के निर्देश आईजी ने दिए हैं।
विज्ञापन


हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सतौथा निवासी सर्वेंद्र पांडे (45) की सोने-चांदी की दुकान हरपालपुर कस्बे में है। शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर जेवरों से भरे झोले लेकर गांव के ही अवधेश के साथ बाइक से सतौथा जा रहे थे। बिल्हौर-कटरा हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने उनका झोला छीनने की कोशिश की थी। इस पर वह बदमाशों से उलझ गए थे। जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। अस्पताल लाए जाते समय उनकी मौत हो गई थी। बाइक पर साथ में सवार अवधेश के सिर पर बांके से बदमाशों ने वार किया था। अस्पताल में उपचार के बाद शनिवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। सराफ के शव का पोस्टमार्टम रात में ही करा दिया गया।

शनिवार सुबह शव घर पहुंचने की जानकारी मिलने पर हरपालपुर कस्बे के व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने परिजनों के साथ शव बिल्हौर-कटरा हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इसी बीच बारिश होने लगी तो कुछ लोगों ने शव हटाकर जाम खोलने की कोशिश की। भीड़ ने शव को तो भीगने से बचाने दिया लेकिन बरसते पानी में लोग जाम लगाए रहे। इसकी सूचना पर एसपी विपिन कुमार मिश्र ने एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह को मौके पर भेज दिया। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी, शाहाबाद और बिलग्राम के क्षेत्राधिकारी, लोनार, पाली, बिलग्राम, हरपालपुर, मल्लावां, सांडी आदि के थानेदारों को भी पुलिस बल के साथ मौके पर भेज दिया गया।
विज्ञापन



उधर, व्यापारी बाजार भी बंद किए हुए थे। व्यापारी लगातार मांग कर रहे थे कि घटना का खुलासा किया जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। कुछ व्यापारियों ने हरपालपुर के प्रभारी के अलावा कटरा-बिल्हौर हाईवे पर यूपी-100 टीम के पुलिस कर्मियों को हटाने की भी मांग की। इसी बीच सवायजपुर एसडीएम श्रद्धा भी मौके पर पहुंच गईं। एएसपी और एसडीएम ने घटना का खुलासा तीन दिन के अंदर करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिए जाने का आश्वासन दिया, तब जाम खुला।


आईजी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
आईजी जोन जय नरायन सिंह भी शनिवार शाम हरपालपुर पहुंचे। एसपी विपिन कुमार मिश्र के साथ आईजी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह सर्वेंद्र पांडे के सतौथा स्थित आवास पर पहुंचे और उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए जल्द घटना के खुलासा की बात कही। उन्होंने अवधेश से भी पूछताछ की। आईजी के सतौथा पहुंचने के दौरान क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र राजपूत आदि मौजूद रहे। आईजी ने बताया कि घटना का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। पीड़ित परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा।


 लुट गई शकुंतला की दुनिया
सर्वेद्र पांडे के बड़े भाई का नाम सतेंद्र पांडे था। कुछ समय पूर्व एक मार्ग दुर्घटना में उनकी भी मौत हो गई थी। पिता का निधन काफी पहले ही हो चुका था। सर्वेद्र की मां शकुंतला अब भी जीवित हैं। तकरीबन 75 वर्ष की शकुंतला की आंखों के आंसू थम नहीं रहे। पति की मौत के बाद उनके बड़े बेटे का निधन होने से वह काफी टूट गईं। अब सर्वेंद्र की मौत से वह बदहवास सी हो गईं। सर्वेंद्र के परिवार में पत्नी ममता के अलावा पुत्र उज्जवल कक्षा 12 का छात्र है। एक पुत्री सान्या है जो बीएससी की छात्रा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें