शहर कोतवाली क्षेत्र में शार्ट सर्किट से जनरल स्टोर
में आग लग गई। इससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत के बाद
फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला
वैटगंज निवासी ताहिल और जावेद की बड़ा चौराहे के पास जनरल स्टोर और जूता
चप्पल की दुकान है। दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर जनरल स्टोर और प्रथम तल पर
जूता चप्पल की दुकान है। मंगलवार की शाम को ये दुकान बंद कर घर चले गए।
बुधवार
की सुबह मार्निंग वाक के लिए निकले लोगों ने दुकान से धुआं उठता देख फायर
ब्रिगेड और दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक आनन फानन
में पहुंचे और दुकान का शटर खोला तो देखा दुकान में रखा सामान धू धू कर जल
रहा था।
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी आ गई। दमकल कर्मियों
ने आग बुझानी शुरू कर दी। दुकान में सामान भरा होने के कारण फायर ब्रिगेड
कर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग डेढ़ घंटा लग गया।
आसपास के
दुकानदारों ने भी आग बुझाने और सामान को दुकान से बाहर निकालने में सहयोग
किया। दुकान मालिक ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। इससे करीब पांच
लाख रुपये का नुकसान हुआ।