अतरौली थाना के ग्राम बड़ेरा मजरा हर्रैया में सोमवार रात विवाहिता का अधजला शव घर में कमरे में पड़ा मिला। मायके पक्ष के लोगों ने विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बड़ेरा के मजरा हर्रैया निवासी रिंकी (20) पत्नी रजनीश का शव मिलने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और ससुराल वालों से पूछताछ की। वह घटना की सही वजह नहीं बता सके। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे मदन सिंह निवासी ग्राम धौकलगंज थाना रामपुर कला जिला सीतापुर ने बताया कि उसने मई 2017 में बेटी रिंकी की शादी ग्राम बड़ेरा मजरा हर्रैया निवासी रजनीश के साथ की थी। शादी के बाद से ही रिंकी के ससुर, सांस, नंद, दादी व बाबा दहेज के लिए रिंकी को परेशान करने लगे। उसने समझाने का प्रयास किया। बताया कि दामाद रजनीश दिल्ली में काम करता है। सोमवार शाम आरोपियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर रिंकी के साथ मारपीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया कि परिजनों ने उन्हें रिंकी की मौत की कोई जानकारी नहीं दी। बड़ेरा निवासी एक अन्य रिश्तेदार से उन्हें घटना की जानकारी मिली। जिस पर वह परिजनों के साथ मौके पर आए। एसओ ओपी तिवारी ने बताया की मदन सिंह की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।