शातिरों के बारे में जानकारी देते एसपी आलोक प्रियदर्शी।
- फोटो : अमर उजाला
31 अगस्त की रात बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिउद्दीपुर निवासी किसान को बांधकर तीन भैंसें लूटे जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बघौली थाना पुलिस और स्वाट टीम ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पिकअप और दो तमंचे बरामद हुए हैं।
बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि 31 अगस्त की रात मोहिउद्दीपुर निवासी राम गोपाल द्विवेदी को लुटेरों ने पीटकर तीन भैंसें लूट ली थीं। एसपी ने इस घटना का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम के प्रभारी आलोक सिंह और बघौली थानाध्यक्ष इरशाद अली की टीम को लगाया था। मंगलवार रात बघौली थानाध्यक्ष इरशाद अली और स्वाट टीम के प्रभारी आलोक सिंह ने उमरापुर पुल पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पिकअप सवारों के संदिग्ध लगने पर उन्हें रोक लिया। उसमें सवार लोगों ने अपना नाम रावेंद्र सिंह उर्फ कल्लू सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम मेंढुआ, जुम्मन उर्फ रंगीला पुत्र बाबू निवासी ग्राम अब्दुलपुरवा कोतवाली देहात, रहीस पुत्र जर्रू निवासी महमूदपुर सरैंया कोतवाली पिहानी और जलील पुत्र शकरुल्ला निवासी ग्राम कन्नौजीपुर मजरा गोपामऊ थाना टड़ियावां बताए हैं। एसपी ने बताया कि इन्हीं लोगों ने राम गोपाल से लूटपाट की थी। शातिरों के पास से दो तमंचे, चार कारतूस, और 10,140 रुपये भी बरामद हुए हैं। रावेंद्र सिंह के विरुद्ध देहात कोतवाली में जानलेवा हमले का मुकदमा भी दर्ज है।