मल्लावां (हरदोई)। दहेज में दो लाख रुपये देने से इनकार करने पर कुवैत में कार्य कर रहे युवक ने दो दिन पूर्व पत्नी को फोन पर ही तीन बार तलाक कह दिया। सकते में आई पत्नी ने पूरे मामले की शिकायत एसपी और मल्लावां कोतवाली में की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवती ने बताया कि उसका निकाह दो वर्ष पूर्व कस्बे के ही एक मोहल्ले में रहने वाले युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति और ससुराली दहेज में दो लाख रुपये मांग रहे थे। युवती का कहना है कि उसने परिजनों की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर रुपये देने में असमर्थता जताई। शादी के कुछ समय बाद उसका पति कुवैत नौकरी करने चला गया। पति कुवैत से भी फोन कर अक्सर रुपयों की मांग कर रहा था। दहेज न दे पाने की बात पर 18 मई की दोपहर मोबाइल पर ही तीन बार तलाक कह दिया। युवती ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की है। कोतवाल महेश कुमार गोले ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।