बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के ग्राम जसरथपुर में युवक का सिर कटा शव आटा चक्की में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने आटा चक्की के संचालक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस आटा चक्की के पट्टे में फंसकर मौत होने की बात कह रही है। मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम जसरथपुर निवासी रामविलास (30) पुत्र रामपाल शुक्रवार शाम पांच बजे गांव स्थित श्रीकृष्ण की आटा चक्की पर गेहूं पिसाने के लिए गया था। काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो उसका भाई प्रमोद आटा चक्की पर पहुंचा। प्रमोद ने बताया कि रामविलास का शव चक्की परिसर में पड़ा था। उसका सिर धड़ से अलग था। परिजनों को सूचना दी गई। शनिवार सुबह प्रमोद ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रमोद ने पुराने विवाद में हत्या किए जाने की बात कही है, लेकिन पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी। थानाध्यक्ष अमर पाल शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।