अमर उजाला ब्यूरो।
हरदोई। कटरा बिल्हौर हाईवे पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जरौली नेवादा मोड़ के निकट एक ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मौके से चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सोमवार शाम बाइक सवार तीन युवक जरौली नेवादा की ओर से कटरा बिल्हौर हाईवे पर चढ़े ही थे कि सांडी की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना होने की जानकारी राहगीराें ने बिलग्राम कोतवाली पुलिस को दी, तो मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। तीन में से एक घायल प्रियांशु (27) ने अपने साथियों के नाम कपिल (28) और सोनू (25) बताए।
साथ ही यह भी बताया कि वह लोग उन्नाव जनपद के कोतवाली शहर क्षेत्र के बर्बट निवासी हैं। इसके बाद वह भी बेहोश हो गया। इसी बीच चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि कपिल की जेब में एक प्राइवेट फर्म में कर्मचारी होने संबंधी कागज मिला है। इसके आधार पर प्राइवेट फर्म के जरिए परिजनाें को सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।