हरदोई। पिहानी कस्बे के मोहल्ला मीरसरांय में फेरी लगाकर परचून का सामान बेचने वाले युवक ने बुधवार की शाम जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, परिजन जहर खाने की वजह नहीं बता सके।
मोहल्ला मीर सरांय निवासी अन्नू शुक्ला (25) फेरी लगाकर परचून की सामग्री बेचता था। बुधवार की शाम उसने जहर पदार्थ खा लिया। घर पहुंचते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां पुष्पा ने बताया कि अन्नू शुक्ला अविवाहित था। उसका बड़ा भाई शिवम दिल्ली में रहता है। अन्नू उसके साथ घर पर रहता था।
उधर, पिहानी प्रभारी निरीक्षक महेशचंद्र ने बताया कि घटना के बारे में सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।