हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खम्हौरा निवासी बेटी के यहां रह रहे वृद्ध ने शनिवार की देर रात गांव के बाहर खेत में पेड़ से फांसी लगा ली। बेटी व उसके परिजन घटना का कारण नहीं बता सके।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के तौकलपुर गांव निवासी सरजू यादव (70) की इकलौती बेटी कमला की शादी हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खम्हौरा गांव निवासी सैनिक गिरिजाशंकर के साथ हुई थी। दामाद गिरिजाशंकर की लगभग दस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह बेटी के साथ उसके घर पर ही रहता था। उसने तौकलपुर गांव की सारी संपत्ति भी बेटी को दे दी थी। शनिवार की शाम वह खाना खाकर चौपाल में सोने चला गया, जबकि उसकी बेटी व परिवार के अन्य सदस्य घर पर थे।
रविवार सुबह खम्हौरा गांव निवासी रामसनेही के खेत में खड़े पेड़ से उसका शव गमछे के सहारे फांसी पर लटकता मिला। पिता द्वारा खुदकुशी किए जाने की बात पता चलते ही बदहवास कमला व उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। सरजू ने खुदकुशी क्यों की, कमला व परिजन इस बारे में कुछ भी नहीं बता सके। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल उमाकांत दीपक ने बताया कि मामला खुदकुशी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।