हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में कनेहटा गांव के पास रविवार की सुबह ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनेहटा निवासी सुनील (35) राजमिस्त्री था। उसके गांव के पास से लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक निकला है। रविवार की सुबह खेत से घर आने के लिए ट्रैक पार कर रहा था। ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। पिता रामचंद्र ने बताया कि सुनील के परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा एक बेटा हरिओम, पांच बेटियां हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा हुआ है। परिजनों ने आरोप से इनकार किया है। (संवाद)