बिलग्राम। ग्राम ककरा खेड़ा स्थित तालाब में रविवार की रात जाल डालने व कछुओं की मौत होने के मामले में वन विभाग ने अज्ञात के खिलाफ वन्य संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिलग्राम रेंज के चौलियापुर बीट प्रभारी दिनेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार की रात ग्राम ककराखेड़ा स्थित कछुआ तालाब में जाल डाला गया। इससे कुछ कछुओं की मृत्यु हो गई। सोमवार को इसकी सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो सात कछुए मृत मिले। उनका नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि वनकर्मी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।