हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम अहिरोरी-बांधा मार्ग पर संदिग्ध हालात में ठेेकेदार को गोली लग गई। पीड़ित ने बाइक सवार हमलावरों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
टडिय़ावां थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहा निवासी मुकेश शुक्ला (30) ग्रामीण अभियंत्रण सेवा(आरईएस) में ठेकेदारी करता है। वह शहर के मोहल्ला आशानगर में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता है। मुकेश के मुताबिक सोमवार की शाम वह साइट से साथी राजीव के साथ स्कूटी से हरदोई आ रहा था। अहिरोरी-बांधा मार्ग पर पेट्रोल डलवाने के लिए उसने राजीव को स्कूटी दे दी। वह रोड पर पैदल चलने लगा। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइक पर सवार आए खंडाखेड़ा निवासी छोटू सिंह, विपिन सिंह, कुंवरपाल, दीपक ने उसे गोली मार दी। बाएं हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। साथी राजीव ने पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है। हमलावरों ने पीड़ित की पुरानी रंजिश चल रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।