अनुराग उर्फ अनुज की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। फर्रुखाबाद से डी-फार्मा की परीक्षा देकर लौट रहे युवक की बाइक में बरसोहिया भट्टा के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं थी।
थाना क्षेत्र के इकनौरा गांव निवासी अनुराग उर्फ अनुज (23) फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद स्थित कॉलेज में डी फार्मा प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देकर सोमवार की शाम बाइक से घर वापस जा रहा था। रास्ते में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बरसोहिया भट्टा के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हेलमेट न लगाए होने के कारण हादसे में अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। पुलिस से हादसे की जानकारी मिलने के बाद बदहवास परिजन अस्पताल पहुंच गए। बताया कि अनुराग चार भाई बहनों में बड़ा था। वह डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस को कब्जे में व चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जागी।