हरदोई। मल्लावां के ग्राम पूरनपुर में रविवार की शाम विद्युत पोल के स्टे वायर में करंट आने पर गांव का ही एक युवक उसकी चपेट में आकर झुलस गया। युवक को सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनमऊ निवासी शिवम (18) रविवार की देर शाम घर के बाहर मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान ही उसने बेख्याली में घर से कुछ दूरी पर लगे विद्युत पोल का स्टे वायर छू लिया। पोल के स्टे वायर में करंट आने पर वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार व मोहल्ले के लोगों ने उपकेंद्र पर फोन कर आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद बाद आनन फानन में शिवम को सीएची ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शिवम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि शिवम तीन भाइयों मेें दूसरे नंबर पर था। वह खेती किसानी के काम में परिजनों का हाथ बंटाता था।
भाई अनुज ने विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बताया कि लगभग दो साल पहले गांव में केबल लाइन डाली जा चुकी है, लेकिन खुले तार व उनके स्टे वायर अब तक नहीं हटवाए गए हैं। केबल तार से ही किसी तरह स्टे वायर में करंट आ गया, जिससे करंट लगने पर शिवम की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।