टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकरहना के निकट हरदोई-सीतापुर मार्ग पर बाइक बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। हेलमेट न लगाने से उनके सिर में चोट आई थी।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौली निवासी विवेक (23) पुत्र जयराम रविवार शाम होली मिलने मौसी गुलई देवी के घर टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अटवा कटैया गया था। सोमवार सुबह वह मौसी के पुत्र अविनाश (19) पुत्र बाबूराम के साथ बाइक से वापस गांव जा रहा था। हरदोई सीतापुर मार्ग पर सिकरहना के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और पोल से टकरा गई। घटना में अविनाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल विवेक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कुछ देर बाद ही विवेक की सांसें भी थम गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि अविनाश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। विवेक भी घर में सबसे छोटा था।