कछौना। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उसरहा में दो दिसंबर को मंदिर में गर्म पानी गिरने से झुलसे मासूम ने सोमवार को संडीला सीएचसी में दम तोड़ दिया। मृतक के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने मंदिर के पुजारी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उसरहा निवासी साकिर ने बताया कि उसके मकान के सामने मंदिर बना है। दो दिसंबर की सुबह उसका पौत्र साहिल (3) मंदिर के चबूतरे पर खेल रहा था। आरोप है कि मंदिर के पुजारी कल्लू मंदिर के अंदर से गर्म पानी लेकर निकल रहा था। पैर फिसलने से खौलता पानी साहिल के ऊपर गिर गया था।
जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया था। परिजनों ने उसे संडीला के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। आराम मिलने पर परिजन उसे घर लाए थे। सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर के पुजारी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।