कछौना। हमेशा की तरह प्रत्याशी घोषित करने के मामले में बसपा ने अन्य राजनीतिक दलों को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार को कछौना में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर स्थित एक लॉन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा के कोआर्डिनेटर और पूर्व विधान परिषद सदस्य नौशाद अली ने तिलकचंद्र पासी को बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर दिया। नौशाद अली ने विपक्षी दलों पर तीखे वार किए।
कार्यक्रम में नौशाद अली ने कहा कि आजादी के बाद सबसे अधिक समय तक देश में राज करने वाली कांग्रेस ने भाई-भाई को लड़ाने का काम किया है। भाजपा पर हमला करते हुए नौशाद अली ने कहा कि देश के किसान खुदकुशी करने पर मजबूर हैं।
उन्होंने सपा को सिर्फ एक वर्ग की पार्टी बताया। एमएलसी भीमराव अंबेडकर ने बसपा शासन की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि किसान विरोधी जुमलेबाजी करने वाली भाजपा को जनता आगामी विधानसभा चुुनाव में सबक सिखाएगी। पूर्व एमएलसी डॉ. रामकुमार कुरील ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। नौशाद अली ने तिलकचंद्र पासी को बालामऊ से विधानसभा प्रत्याशी बनाने की घोषणा की। इससे पहले कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रणजीतराव गौतम, रणधीर बहादुर, फूलचंद्र वर्मा, मोहम्मद तैय्यफ आदि मौजूद रहे।