हरियावां। नेवादा प्राथमिक विद्यालय स्कूल की बाउंड्रीवाल का घटिया निर्माण होने से बारिश में ढह गई। इसके बाद उसकी ईंटें तक गायब हो गईं। इसके बाद भी जिम्मेदार अफसर गौर नहीं कर रहे हैं। इससे बच्चों को परेशान होना पड़ रहा है।
प्राथमिक विद्यालय का निर्माण 10 वर्ष पहले कराया गया था। इसके तीन वर्ष बाद बाउंड्रीवाल भी बनाई गई थी। जिसमें घटिया सामग्री लगा दी गई। इससे बाउंड्रीवाल ढह गई।
मामला संज्ञान में आने पर तत्कालीन डीएम पुलकित खरे ने सभी स्कूलों की बाउंड्रीवॉल बनाने के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देश भी दिए। इसके बाद लेहना ग्राम सभा के मजरा नेवादा के प्राथमिक विद्यालय बाउंड्री बनी, लेकिन घटिया निर्माण सामग्री लगाने के कारण यह भी ढह गई।
निरीक्षण में पहुंचने वाले अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बच्चों के अभिभावकों का कहना है तेज हवा से स्कूल में धूल आ जाती है। स्कूल के आसपास काफी झाड़ियां भी हैं। इनकी भी सफाई नहीं की गई।
ग्रामीणों की मानें, कई बार ग्राम प्रधान से कहा जा चुका है, लेकिन बाउंड्री नहीं बनाई गई। बिजली की व्यवस्था भी नहीं है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस समय चुनाव चल रहा है, चुनाव के बाद जानकारी की जाएगी।