हरदोई। आने वाले विधानसभा और स्थानीय निकाय क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य चुनाव के मद्देनजर भाजपा की ओर से आयोजित किए जा रहे ब्लाक स्तरीय नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किए जाने का सिलसिला जारी है। शनिवार को पिहानी, हरपालपुर, सांडी आदि ब्लाकों में आयोजित कार्यक्रमों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को हर पात्र को योजनाओं से लाभांवित कराने की बात कही गई।
सम्मान समारोह में छलका ब्लाक प्रमुखी हारने का दर्द
हरपालपुर ब्लाक मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सदर सांसद जयप्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी में लगे कई कर्मचारियों की मृत्यु हुई है। ऐसे सभी लोगों को उन्होंने श्रद्धांजलि दी। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कहा कि हरपालपुर में ब्लाक प्रमुख का चुनाव भाजपा नहीं जीत पाई।
जितेंद्र राजपूत को प्रत्याशी बनाया गया था और वह धनबल के आगे हार गए। जीत का जो चक्र यहां छूट और टूट गया उसे अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने के बाद पूरा किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने पंचायत प्रतिनिधियों से पूरी ईमानदारी और निष्ठा से विकास कार्य कराने को कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने विकास कार्यो में हर संभव सहयोग करने की बात कही। भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री पीके वर्मा, अतुल सिंह, मिथलेश ङ्क्षसह भूरा, रजनीश त्रिपाठी, अभिराम , राणाप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका विकास कार्य में महत्वपूर्ण
सांडी कस्बे में स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में सदर सांसद जयप्रकाश रावत ने कहा कि केेंद्र सरकार की योजनाओं से सभी क्षेत्रों में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरदोई से कन्नौज तक रेल चलाने का सपना भी पूरा होगा। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका विकास कार्यों में महत्वपूर्ण है। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कहा कि यह पहला मौका है जब किसी सरकार में ग्राम स्तर के जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता, आजाद सिंह भदौरिया, ब्लाक प्रमुख अनिल कुमार राजपूत, प्रधान संघ अध्यक्ष आलोक कुमार ङ्क्षसह आदि मौजूद रहे।
सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रहीं सरकारें
पिहानी के ब्लाक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। अलग-अलग योजनाएं इसकी नजीर हैं। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विकास कार्यो में अपनी भूमिका मजबूती से निभानी चाहिए। क्षेत्रीय विधायक श्यामप्रकाश ने विभिन्न योजनाएं गिनाकर इनके प्रति जनता को जागरुक करने की बात कही। कार्यक्रम को निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, भाजपा के जिला महामंत्री अजीत सिंह बब्बन, ब्लाक प्रमुख कुशी वाजपेयी, पारुल दीक्षित आदि ने भी संबोधित किया। संचालन नवनीत वाजपेयी ने किया। इस दौरान राममूर्ति राठौर, अभिषेक वैश्य, अरुणेश तिवारी, दीनदयाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
कागजों तक भूमिका सीमित न रखें पंचायत प्रतिनिधि
टडिय़ावां के ब्लाक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि अपनी भूमिका सिर्फ कागजों तक सीमित न रखें। योजनाओं से हर पात्र को लाभांवित कराएं। क्षेत्रीय विधायक श्यामप्रकाश ने कहा कि विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक और ब्लाक प्रमुख रविप्रकाश ने पंचायत प्रतिनिधियों पर फूल पत्ती बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री भी मौजूद रहे।