फोटो-10- मृतक परेश्वर की फाईल फोटो
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सीतापुर मार्ग पर मेडिकल कालेज के पास तेज रफ्तार कार ने खेत से लौट रहे किसान को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने कार चालक को पीट दिया। आक्रोशित ग्रामीण चालक को बचाने में लगी पुलिस से भिड़ गई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। कई थानों की पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला। काफी देर पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
टड़ियावां थाने के खजुहा मजरा गौराडांडा निवासी परमेश्वर (50 ) खेतीबाड़ी करता था। बुधवार सुबह वह खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में मेडिकल कालेज के पास कार ने उसे रौंद दिया। हादसे में परमेश्वर उछल कर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को बचाने का प्रयास किया।
सीओ हरियावां अशोक त्रिपाठी ने समझाने की कोशिश की लेकिन, ग्रामीणों का गुस्सा कम नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ते देख सीओ को टड़ियावां के अलावा कोतवाली देहात, हरियावां व बेनीगंज की पुलिस को बुलाना पड़ा। जद्दोजहद के बाद किसी तरह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ राजदेव मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-18- मौके पर मौजूद पुलिस बल- फोटो : HARDOI