हरदोई। शिव भक्तों की आस्था एवं श्रद्धा का प्रतीक सावन माह के अंतिम सोमवार पर जिले के शिवालयों में लोगों ने भोलेनाथ के सामने मत्था टेक कर सुख समृद्धि की कामना की। भक्तों द्वारा लगाए गए जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। आज शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही।
ज्ञात हो कि इस साल के सावन माह का आज चौथा एवं अंतिम सोमवार होने के चलते शिव मंदिरों में भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने शिवालयों में पहुंच कर भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन कर अभिषेक किया। पंडित बालट्टर मिश्र एवं अशोक मिश्र शास्त्री ने बताया कि सावन में सोमवार के दिन बड़ी संख्या में लोग उपवास रख महादेव का अभिषेक करते हैं। आज इस साल के सावन माह का चौथा एवं अंतिम सोमवार होने से शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। जिले के प्राचीन शिवालयों में मेले जैसा माहौल रहा। शहर में आनंद सिनेमा के पास स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में शिव भक्तों ने दूध आदि से भोलेनाथ का अभिषेक किया तथा जमकर जयकारे लगाए।
बंशीनगर स्थित भोलनाथ मंदिर के अलावा नुमाइश चौराहा, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा स्थित शिवालयों में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पूजन किया। शहर के अन्य शिव मंदिरों में भी भक्तों की खासी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने श्रद्धा भाव से मंदिराें में पहुंच कर भोलेनाथ का अभिषेक किया। आज शिवालयों में भक्तों के आने का सिलसिला सुबह ही शुरू हो गया था। दोपहर होते होते ज्यादातर शिव मंदिरों के बाहर भारी भीड़ हो गई थी। एक ओर जहां लोग मंदिर के भीतर मत्था टेक रहे थे तो दूसरी ओर मंदिर तक पहुंचने को लाइन में लगे लोग जय भोले के जयकारे लगा रहे थे। सकाहा स्थित शिवालय में भारी भीड़ रही और लोगों का देर शाम तक आना जाना लगा रहा।
उधर, शाहाबाद में श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर नगर व ग्रामीण क्षेत्राें के स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शिव भक्तों ने विधि विधान पूर्वक शिव का पूजन अर्चन कर मंगलमय जीवन की मनोकामना की। धार्मिक स्थल नर्मदा, टेेढ़ेश्वर नाथ मंदिर में पूरे दिन शिवभक्तों का तांता लगा रहा। मल्लावां के गंगाघाट पर कांवड़ियों ने स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।