हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में 10 दिन पहले हुई लूट की घटना का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। चार लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी व मोबाइल बरामद किए हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने पुलिस लाइन सभागार में वारदात का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
एसपी ने बताया कि कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी कुंजबिहारी 15 अप्रैल को कानपुर जाने के लिए कोथावां तिराहे पर खड़े थे। इसी दौरान कार सवारों ने उन्हें लिफ्ट देकर 51 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर रास्ते में फेंक दिया था। पीड़ित की सूचना पर अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व स्वॉट टीम को लगाया गया था। रविवार शाम नगवा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान कार को रोका गया। इसमें महिला सहित चार लोग सवार थे। उनकी तलाशी में दो तमंचे व कारतूस, 150 ग्राम स्मैक व 27,000 रुपये बरामद हुए। आरोपियों का नाम करन निवासी ठाकुरगंज थाना कछौना, कुंदन निवासी बहबलपुर छिबरामऊ कन्नौज, रितेश कुमार निवासी दलगीरखा थाना शमशाबाद जनपद फर्रुखाबाद, आरती निवासी ठाकुरगंज कछौना है। चारों ने बेनीगंज में लूट की वारदात को स्वीकार किया है। एसपी ने बताया कि कुंदन शातिर अपराधी है। उस पर कन्नौज, लखनऊ, औरैया में भी मामले दर्ज हैं। करन पर कछौना में पांच मामले दर्ज हैं।