हरदोई। शीतल पेय पदार्थ की डिलीवरी देकर दुकान से निकले दो पिकअप चालकों पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसके बाद पिकअप चालक के पास से ढाई लाख रुपये लूटकर आरोपी भाग निकले। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने मौके की जांच भी की। एक शख्स को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज निवासी विनीत गुप्ता के पास एक शीतल पेय पदार्थ की कंपनी का काम है। रविवार शाम लगभग सात बजे उन्होंने दो पिकअप से चालकों अरविंद गुप्ता (30) और ब्रजेश यादव (35) को चार मजदूरों के साथ शीतल पेय पदार्थ की सप्लाई देकर अहिरोरी के विवेक प्रजापति के पास भेजा था।
यहां सामान उतारने के बाद रात में लगभग साढ़े 11 बजे विवेक ने ढाई लाख रुपये अरविंद को सौंप दिए। तीन लाख 53 हजार रुपये का बिल था। बाकी रुपये बाद में विनीत के पास भेजने की बात कही। विवेक के घर से निकलते ही अरविंद और ब्रजेश पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। दोनों पर लाठी-डंडों से वार कर रुपये छीनकर भाग गए। अरविंद ने जानकारी विनीत को दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अरविंद और ब्रजेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह मौके पर जांच करने गए। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।