गांधी भवन में आयोजित ऋण वितरण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ करते महाप्रबंधक अमिताभ बनर
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सामाजिक सुरक्षा स्कीम के तहत बुधवार को गांधी भवन सभागार में ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न बैंकों द्वारा करीब 2051 लाभार्थियों को 109 करोड़ का ऋण वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बैंक आफ इंडिया के महाप्रबंधक अमिताभ बनर्जी ने कहा कि जनहित को लेकर कई योजनाएं हैं। आंचलिक प्रबंधक नीरज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना हो या फिर पीएम स्वनिधि, इन योजनाओं ने भी कइयों के जीवन स्तर में बदलाव किए हैं। इस तरह के सामूहिक ऋण वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य ही लोगों को जानकारी देकर उनके जीवन को खुशहाल बनाना है। उपायुक्त स्व रोजगार विपिन चौधरी ने स्वयं सहायता समूह को बैंक से सामंजस्य बनाकर ऋण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय जायसवाल ने स्वयं सहायता समूह की महत्ता पर प्रकाश डाला। बैंक आफ इंडिया के अग्रणी प्रबंधक जयप्रकाश सिंह ने जनपद की जनता की प्रशंसा कर ऋण वितरण में सहयोग करने की सराहना की। अग्रणी जिला प्रबंधक केडी सिंह ने बताया कि ऋण वितरण कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के द्वारा 109 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है। इस मौके पर बैंक आफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार, मुख्य प्रबंधक गगन वर्मा, कुलदीप सिंह सहित अन्य बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
स्टॉल लगाकर योजनाओं की दी जानकारी
आउटरीच कार्यक्रम में विभिन्न ऋण योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड अप इंडिया, पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, बैंकों की अन्य ऋण योजनाओं के साथ सामाजिक सुरक्षा स्कीम की भी विस्तृत जानकारी दी गई।