हापुड़। पिछले एक माह से सर्दी में कोहरे के कारण बिगड़ा ट्रेनों का संचालन सुधर नहीं पा रहा है। रोजाना ही ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण रेलयात्रियों को परेशानी हो रही है। सर्द हवाओं के बीच यात्री ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं, वहीं ट्रेनों में सवार यात्रियों का भी ट्रेन लेट होने से बुरा हाल हो रहा है। रविवार को भी संगम, नौंचदी, अवध असम सहित कई ट्रेनें घंटों की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची।
प्रयागराज से चलकर मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस पांच घंटे, प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस चार घंटे, डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे, छपरा से पुरानी दिल्ली जाने वाली लोकनायक एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा भुज से बरेली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटे, पुरानी दिल्ली से छपरा जंक्शन जाने वाली लोकनायक एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, अमृतसर से सहरसा जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस, जैसलमेर से काठगोदाम जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस आधा घंटे, लखनऊ से मेरठ जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस आधा घंटे, टनकपुर से पुरानी दिल्ली को जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस आधा घंटे की देरी से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि खराब मौसम के कारण ट्रेनों का संचालन बिगड़ा हुआ है, जिसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।