गढ़मुक्तेश्वर। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कटीरा जाफराबाद निवासी शिवम चौहान ने सीओ को शिकायती पत्र दिया है। जिसमें उल्लेख किया है कि वह काफी समय से बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाडा खादर के जंगल में खेती के लिए जमीन की तलाश कर रहा था। इसी बीच उसकी मुलाकात गांव शाहपुर चौधरी निवासी सुनील से हुई। जिसने उससे अपनी जमीन बेचने के बारे में बताया। उसने 15 लाख रुपये में जमीन का सौदा तय कर लिया। जिसमें ब्याने के तौर पर तीन लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये के चेक सुनील कुमार को दे दिए। आरोपी ने चेक के जरिए भी पैसा निकाल लिया। लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने पर बैनामा करने से इन्कार कर दिया। वहीं उसकी धनराशि भी लौटाने से मना कर दिया। जिसका विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता करते हुुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद का कहना है कि सीओ के आदेश पर सुनील कुमार के खिलाफ अमानत में ख्यानत, जान से मारने की धमकी देना समेत अन्य धाराओं में तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।