गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने विभिन्न जनपदों से बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने चोरी की पांच बाइक, चाकू और तमंचा बरामद किया है। जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मेरठ मार्ग पर वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य अलग-अलग बाइकों से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेरठ मार्ग पर चेकिंग करना शुरू कर दिया। इस दौरान मेरठ की तरफ से आ रहे तीन बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। जिनसे बाइकों के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं तलाशी में उनके पास से चाकू और तमंचा भी बरामद हुआ। सख्ती से की गई पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि तीनों बाइक चोरी की है, जिन्हें बेचने के लिए जा रहे थे। बदमाशों की निशानदेही पर पास के जंगल में खड़ी दो बाइक और बरामद की गई। आरोपियों ने अपने नाम दिलशाद निवासी किठौर जनपद मेरठ, प्रभात निवासी गोयना हापुड़ और आशु अली निवासी बुलंदशहर रोड हापुड़ बताए हैं। सीओ ने बताया की तीनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।