कई रोज से उमड़ घुमड़ कर लौट रहे बादल मंगलवार को घंटे भर से ज्यादा जमकर बरसे। झमाझम बरसात से मौसम कूल-कूल हो गया। उमस भरी भीषण गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत महसूस की।
वहीं, पानी की फुहार धरती पर पड़ते ही किसानों के भी चेहरे खिल उठे। धान की पैदावार करने वाले किसान खेतों में धान की पौध रोपने में जुट गए। कृषि विशेषज्ञों की माने तो धान व गन्ने की फसल के लिए यह बारिश काफी लाभदायक है।
इधर सप्ताह भर से भीषण गर्मी से समूचा जनजीवन अस्तव्यस्त सा हो गया था। चिलचिलाती धूप में लोगों का घरों से बाहर निकलना दुश्वार रहा। इस बीच कई दिन आसमान में बदली छायी, पर बिन बरसे ही मेघ लौट गए।
मंगलवार को दोपहर को अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल छाने के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। घंटे भर से ज्यादा रुक-रुक कर मेघ जमकर बरसे। इस बारिश ने मौसम को कूल-कूल कर दिया। हालांकि बाद में उमस भी बढ़ी, लेकिन इसके बाद भी राहत रही।
वहीं, झमाझम बारिश से किसानों के मुरझाए चेहरे पर खुशी झलकने लगी। किसानों का कहना है कि यह बारिश धान और गन्ने की फसल के लिए सोना बनकर बरसी है। उधर, धान उत्पादक किसान बारिश होते ही खेतों में धान की पौध रोपने में जुट गए।
जिला कृषि अधिकारी धीरज सिंह का कहना है कि यह बारिश धान और गन्ना की फसल के लिए काफी लाभदायक है। तेज बारिश के साथ अनेक पोषक तत्व भी फसलों को प्राप्त होते हैं।
इसलिए इस बारिश से फसल की उत्पादन क्षमता पर अनुकूल प्रभाव पड़ेगा। इस समय किसान धान की पौध तैयार करने में लगे हैं।
बारिश के मौसम में शहर के किसी इलाके में जलभराव अथवा कोई अन्य समस्या खड़ी होने पर उससे निपटने के लिए नगर पालिका ने कंट्रोल रूम चालू कर दिया है। इस तरह की किसी भी समस्या के समाधान के लिए तुरंत पालिका में कंट्रोल रूम में टोल फ्री नंबर पर सूचना दी जा सकती है।
बरसात का मौसम शुरू हो गया है, आने वाले दिनों में जोरदार बारिश की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में किसी भी इलाके में जलभराव व अन्य समस्या उत्पन्न हो सकती है। पालिका ने पब्लिक की सहूलियत के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी है।
ताकि अगर कहीं कोई समस्या हो तो पालिका के टोल फ्री नंबर 18001803034 पर शिकायत की जा सकती है। पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि टोल फ्री नंबर पर शिकायत आते ही तुरंत टीम समस्या का समाधान के लिए पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि पालिका के स्वास्थ्य, जलकल, निर्माण, प्रकाश आदि विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायत मिलते ही तुरंत टीम को मौके पर भेजा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायत की मॉनिटरिंग करेंगे और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।