बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते बचा। हुआ यह कि 30 स्कूली बच्चों से भरी बस ट्रैक्टर की साइड लगने से अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई।
गनीमत यह रही कि हाईटेंशन तार स्कूली बस पर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे के बाद दो गांवों व कुचेसर रोड चौपला की बिजली बाधित हो गई। मौके पर पहुंचे विद्युत निगम अफसरों ने स्कूल पर पोल टूटने का जुर्माना लगाया है।
शनिवार को दोपहर कुचेसर रोड चौपला पर स्थित एक स्कूल की मिनी बस 30 बच्चों को बैठाकर मोहम्मदपुर आजमपुर की ओर जा रही थी। कुचेसर रोड चौपला रेलवे स्टेशन से पहले बस के पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रैक्टर की बस में साइड लग गई।
साइड लगते ही स्कूली बस अनियंत्रित होकर पास में लगे विद्युत पोल से टकरा गई। इससे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर जमा लोगों ने किसी प्रकार बस को पोल से हटाया। स्कूली बच्चों को दूसरी बस में बैठाकर उनके घरों को भेजा गया।
सूचना मिलने पर विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्कूल संचालक को बुलवाया। स्कूल संचालक ने विद्युत निगम की जो क्षति हुई है, उसे पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद निगम ने अपना काम शुरू करा दिया है।
वहीं, अवर अभियंता कुचेसर चौपला ब्रह्मजीत सिंह का कहना है कि गनीमत रही कि विद्युत पोल की टक्कर से बच्चों के साथ कोई हादसा नहीं हुआ। लेकिन कनिया, दत्तियाना और कुचेसर रोड चौपला की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।