यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट रविवार को घोषित होगा। इससे पहले स्टूडेंट्स की धड़कने तेज होने लगी हैं। अच्छे अंकों की चाह में छात्र-छात्राएं मंदिरों में माथा टेक रहे हैं। अभिभावक भी अपने बच्चों से दबाव हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
जिले में बने 41 परीक्षा केंद्रों पर 29,514 स्टूडेंट्स ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। परीक्षा के दौरान स्टूडेंट्स आसान पेपर होने की बात कह अच्छे अंक आने का दावा कर रहे थे। रिजल्ट के इंतजार में स्टूडेंट्स बीते कई दिनों से साइबर कैफे के चक्कर लगा रहे थे।
इलाहाबाद बोर्ड ने रविवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित करने का एलान किया है। रिजल्ट घोषित होने में चंद घंटे शेष रहने से छात्रों की धड़कने भी बढ़ने लगी है। अच्छे अंकों की चाह में छात्र-छात्राएं मंदिर में माथा टेक कर प्रभु से पास होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
एसएसवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार का कहना है कि परीक्षा परिणाम आने पर अभिभावक अपने बच्चों का सहारा बने। कम अंक आने पर डाटने की बजाय समझाने का प्रयास करें।
जिला विद्यालय निरीक्षक बी.के शर्मा का कहना है कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट का रिजल्ट रविवार दोपहर को घोषित होगा। स्टूडेंट्स अपने रोल नंबर से रिजल्ट देख सकते हैं।