हापुड़। नगर के मोहल्ला राजीव विहार में बृहस्पतिवार सुबह दूध मथनी मशीन से करंट लगने से नवविवाहिता छवि शर्मा (25) की मौत हो गई। पोस्टमार्टम न कराने की मांग को लेकर परिजनों ने गढ़ रोड पर फ्लाईओवर के पास जाम लगा दिया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव विहार निवासी त्रिवेद ने बताया कि उसकी पुत्री छवि की 18 फरवरी को थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर निवासी विक्रांत के साथ शादी हुई थी। दादी की तबीयत खराब होने के कारण दो अक्तूबर को छवि मायके रहने के लिए आई थी। बृहस्पतिवार सुबह वह बिजली की दूध मथने वाली मशीन चला रही थी। इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह बेसुध होकर जमीन पर पड़ी मिली। परिजन उसे आनन फानन में गढ़ रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की और मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव को घर ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों ने सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करनी शुरू कर दी। लेकिन परिजन पोस्टमार्टम न कराने की मांग पर अड़ गए। गुस्साए परिजनों ने पुलिसकर्मियों से नोकझोंक करते हुए गढ़ रोड पर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट बाद पुलिस के समझाने पर परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा इस दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। बाद में उन्हें समझा दिया गया। जिसके बाद सभी वापस लौट गए।