वायरल वीडियो में पैंट की बेल्ट में लगे अवैध तमंचा के साथ युवक।
- फोटो : PILAKHWA
तमंचे के साथ युवकों के हंगामे का वीडियो वायरल
पिलखुवा। पिलखुवा-धौलाना मार्ग स्थित बझैडा खुर्द गांव के गेट पर युवकों द्वारा तमंचा दिखाकर हंगामा करने का वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि जो युवक वीडियो में दिख रहे हैं, गत दिनों उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस इस मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है.
युवकों द्वारा स्टंटबाजी और अवैध हथियारों को लहराते हुए फोटो एवं वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की होड सी लगी है। ऐसा ही एक वीडियो वायरल होने का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया। धौलाना मार्ग स्थित बझैडा खुर्द द्वार पर आठ से दस युवक हंगामा कर रहे है। एक युवक बार-बार बझैडा गांव चलने के लिए कह रहा है। वायरल वीडियो में एक यवक अपनी पैंट की बेल्ट में अवैध तमंचा लगाए खड़ा है। इन्हीं युवकों का करीब छह दिन पूर्व एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमे वह बाइक पर स्टंट करने के साथ-साथ हवा में तमंचा लहरा रहे थे। उक्त मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, दोनों आरोपियों की जमानत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि युवकों को पुलिस और प्रशासन का खौफ नहीं है। इसलिए वीडियो बनाकर वायरल कर रहे है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है, मामले की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में वीडियो पुराना प्रतीत हो रहा है।