नेशनल हाईंवे स्थित पेंट की दुकान में लगी भीषण आग।
- फोटो : PILAKHWA
पेंट की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
पिलखुवा। नेशनल हाईवे एलिवेटेड रोड के नीचे चंडी मंदिर के पास स्थित एक पेंट की दुकान में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। दुकान में चल रहे वेल्डिंग काम के दौरान उसकी चिंगारी से हादसा हुआ। सूचना पर हापुड़ और पिलखुवा की दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचे करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर तब तक लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
शहर की रेलवे रोड निवासी मनोज अरोड़ा की हाईवे पर चंडी मंदिर के सामने दो मंजिला पेंट, विभिन्न तरह के केमिकल और अन्य सामान की दुकान है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दुकान में वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग की चिंगारी से दुकान के पिछले हिस्से में रखे केमिकल के डिब्बे में आग लग गई। दुकानदार एवं आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। देखते-देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। पेंट और केमिकल के डिब्बे आग की चपेट में आने के कारण फटने शुरू हो गए। दुकान से धमाकों की सी आवाज आने लगी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गाजियाबाद की तरफ आ रहे वाहनों को करीब एक घंटे तक रोक दिया और एक ही ओर से दोनों ओर वाहनों को निकाला। आग नहीं बुझने पर मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही एक पिलखुवा और दो हापुड़ से दमकल की गाड़ी पहुंचीं। दुकान के सामने वाले हिस्से पर लगी आग पर काबू पाने के बाद ऊपरी मंजिल में लग रही आग को बुझाने के लिए प्रयास शुरू हुआ। बराबर की छत पर जाकर दुकान की दीवार को तोड़ा गया। भीषण आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने पानी एवं केमिकल की आग को बुझाने वाले केमिकल युक्त पाउडर का प्रयोग किया। उन्होंने करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार मनोज अरोड़ा का कहना है कि आग के कारण लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया है।
--
मुख्य जिला अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा का कहना है कि दुकान में वेल्डिंग मशीन रखी हुई मिली है। संभावना है कि वेल्डिंग कार्य चलने के कारण ही आग लगी है। मौके पर इस तरह की चर्चा भी थी। मामले में जांच चल रही है। दुकान में अग्निशमन उपकरण भी मौजूद नहीं थे। इस बावत नोटिस की कार्रवाई की जाएगी।
--
पेंट की दुकान में आग लगने के कारण बाहर निकल रहे केमिकल युक्त धुआं से लोगों को सांस लेना में भारी परेशानी का समाना करना पड़ा। आंखों में जलन होनी शुरू हो गई। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले तक धुआं के गुबार उड़ रहे थे। दुकान में पेंट और केमिकल के डिब्बे होने के कारण आसपास के दुकानदारों में आग फैलने का डर था। आग बुझने के बाद आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। अंदर से केमिकल या पेंट के डिब्बे फटने की आवाज से सड़क पर मौजूद लोगों में कई बार भगदड़ भी मचीं।