रोडवेज बस से बाइक सवार सिपाही की कुचलकर मौत
पिलखुवा। बागपत में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की बृहस्पतिवार की रात एलिवेटेड रोड पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक सिपाही के पिता ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की है।
बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव नत्थूपुरा भटोना निवासी पप्पू सिंह का इकलौता बेटा मनीष कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सिपाही बागपत थाने में तैनात था। बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे मनीष बाइक से बागपत से गाजियाबाद, हापुड़ होते हुए अपने गांव जा रहा था। पिलखुवा एविलेटेड रोड पर नगर पालिका परिषद परिसर के सामने रोडवेज बस ने उसकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़ फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और बस को कब्जे में लेकर तलाशी में मिले पहचान पत्र के आधार पर मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। मृतक मनीष के मां-बाप के अलावा पत्नी संगीता और दस माह की बेटी है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
--
सीओ पिलखुवा डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतक मनीष के पिता पप्पू सिंह की तहरीर पर टनकपुर डिपो की रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस बस के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है।