आर्थिक मदद के लिए बिजलीघर पर हंगामा
पिलखुवा। सुक्कलान मोहल्ला में मकान की छत की मरम्मत करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई राजमिस्त्री जोगेंद्र की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजनों-ग्रामीणों ने बिजलीघर पर हंगामा किया। उन्होंने मांग की कि मृतक के परिजनों को बीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। मौके पर पहुंचे एसडीएम और कोतवाल ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में विद्युत विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक और अन्य मदद का आश्वासन देकर शांत कराया।
मोहल्ला सुक्कलान निवासी तुलसी कुमार मंडल के मकान की छत खराब हो गई थी। गत बृहस्पतिवार शाम को छत की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी बीच मकान के ऊपर से जा रही बिजली के हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से राजमिस्त्री गाजियाबाद के भोजपुर क्षेत्र के गांव महमदपुर निवासी जोगेंद्र की मौत हो गई थी। मकान स्वामी के साथ रहने वाला बंगाल निवासी दुलाल भी झुलस गया था। शुक्रवार सुबह जिला पंचायत सदस्य अनिल गौतम एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण एवं मृतक के परिजन विद्युत वितरण निगम डिवीजन द्वितीय पिलखुवा के कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण अधिशासी अभियंता के दफ्तर के बाहर धरना देकर बैठ गए। एसडीएम धौलाना विजय वर्धन मौके पर पहुंचे और ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बातचीत कर पांच लाख रुपये का चेक दिला धरना समाप्त कराया। हंगामे में मोहित जाटव, लीलाराम, विक्रांत, सोरन, वीरपाल, भरत, जगदीश, सुशील, ओमवती, पुष्पा, अनीता, राजेंद्र, गुड्डी समेत सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं।