घर में घुसकर मजदूर को लाठी-डंडों से पीटा, झोंका फायर
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर में घर में बैठे एक मजदूर पर नौ हमलावरों ने जानलेवा हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उक्त व्यक्ति पर फायर झोंक दिया। जिसमें वह बाल-बाल बचा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट कर ली हैं।
कमालपुर गांव निवासी ममनून अली द्वारा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गत 17 सितंबर की शाम लगभग छह बजे उसका भाई शमून अली घर पर बैठा था। इसी बीच वहां पहुंचे गांव निवासी दिलशाद, नौसाद, शाहबाज, अनस, फराहिम, अबरार, मासे अल्लाह, माबूद, जीशान ने एक राय होकर घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार सभी के हाथों में लाठी-डंडे और तमंचा थे। आरोप है कि हमलावरों ने मकान में घुसते ही शमून अली पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने मकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद शमून को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। गांव के लोगों को आता देखकर हमलावर फरार हो गए। घायल शमून को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही हैं। शीघ्र ही गिरफ्तारी कर आरोपियों को जेल भेज दिया जाएगा।