बिगास में डेंगू के तीन मरीज मिले
हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बिगास में तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जबकि पांच के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
वायरल बुखार के बाद अब जिले में डेंगू ने पैर पसार दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो दिन पहले 8 संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए सरकारी लैब भेजे थे। जिनकी रिपोर्ट बुधवार को मिली, इसमें तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिसकी रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो गई है।
जिले मेें अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 12 पहुंच गई है। बिगास में डेंगू के मरीज मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मात्रा में लार्वा नष्ट किया है। सीएमओ ने टीमों को निर्देशित कर क्षेत्रों में एंटी लार्वा अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
---
तीन सालों में जिले में डेंगू की स्थिति
वर्ष डेंगू मलेरिया स्वाइन फ्लू
2019-20 85 228 51
2020-21 26 53 02
2021-22 09 21 00
---
डेंगू के लक्षण
- अचानक तेज बुखार।
- सिर में आगे की और तेज दर्द।
- आंखों के पीछे दर्द और आंखों के हिलने से दर्द में और तेजी।
- मांसपेशियों (बदन) व जोडों में दर्द।
- स्वाद का पता न चलना व भूख न लगना।
- छाती और ऊपरी अंगों पर खसरे जैसे दाने
- चक्कर आना, जी घबराना, उल्टी आना।
---
बचाव के तरीके
- घरों में और आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें।
- कूलर, पानी की टंकी, गमलों की लगातार सफाई करें।
- पूरे कपड़े पहने, यह मच्छर घुटनों के नीचे काटता है।
- सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
---
डेंगू के मरीजों की हालत सामान्य
जिले में डेंगू के जितने मरीज मिले हैं, उनमें सभी की हालत सामान्य बनी हुई है। लार्वा नष्ट करने के काफी अभियान चलाए गए हैं, जिसके चलते इस साल बीते सालों के मुकाबले डेंगू का प्रकोप कम है। टीमों को एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।