शराब के ठेके पर कलेक्शन टीम से नकदी व बंदूक लूटी
पिलखुवा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पबला रोड स्थित शराब के ठेके पर कलेक्शन करने गई टीम के साथ दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने 15 हजार रुपये व गार्ड से बंदूक लूट ली।
कन्हैया लाल निवासी प्रयागराज एक शराब की कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे वह जीप कार से गार्ड कृष्णपाल निवासी बागपत के साथ ठेकों से कैश की कलेक्शन कर लौट रहा था। मारवाड़ पुलिस चौकी के पास स्थित शराब के ठेकों से कलेक्शन के बाद दोनों पबला रोड स्थित ठेकों से कलेक्शन के लिए जा रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के दम पर गाड़ी को रुकवा लिया। बदमाश दोनों से 15 हजार रुपये की नगदी और कृष्णपाल की लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि लूट की घटना के बाद बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।