जुमे का अलर्ट - पुलिस ने किया पैदल मार्च, ड्रोन से की निगरानी
हापुड़। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस, प्रशासन ने बृहस्पतिवार को शहर में पैदल मार्च किया और लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। इस दौरान ड्रोन कैमरों से छतों की निगरानी की गई। शुक्रवार को नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। सुरक्षा को लेकर जिले को पहले ही तीन जोन और 9 सेक्टर में बांट दिया गया है। दो हजार सोशल एकाउंट और 500 खुराफातियों पर नजर रखी जा रही है। 1500 जवानों को सुरक्षा की कमान दी है वहीं दो कंपनी पीएसी भी मुस्तैद रहेगी।
बुलंदशहर रोड स्थित जदीद चौकी पर बृहस्पतिवार शाम पांच बजे डीएम मेधा रूपम, एसपी दीपक भूकर, एएसपी सर्वेश मिश्र समेत आला अधिकारी पहुंचे। पुलिस फोर्स के साथ पैदल मार्च किया गया जो आवास विकास, सिकंदर गेट, पत्थर वाला कुआं, पुराना बाजार, सर्राफा बाजार, चंडी रोड, पक्का बाग तक होते हुए वापस जदीद चौकी तक निकाला।
इस दौरान लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। छतों पर पत्थर आदि की तलाश को लेकर ड्रोन से निगरानी की गई, हालांकि सब कुछ सामान्य मिला। अधिकारियों ने धर्म गुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ बैठक कर, शांति की अपील की। व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को बुलंदशहर रोड पर भारी वाहनों का डायवर्जन करने का निर्णय लिया गया।
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
एसडीएम दिग्विजय सिंह को हापुड़ तहसील, एसडीएम अरविंद कुमार को गढ़मुक्तेश्वर तहसील, एसडीएम सुनीता सिंह को धौलाना तहसील की जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है। वहीं, तहसीलदार जयप्रकाश को हापुड़ कोतवाली, तहसीलदार न्यायिक सीमा सिंह को थाना बाबूगढ़, नायब तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता को थाना हापुड़ देहात, तहसीलदार गढ़ विवेक भदौरिया को थाना कोतवाली गढ़, तहसीलदार न्यायिक संदीप कुमार को थाना बहादुरगढ़, नायब तहसीलदार गढ़ पवन कुमार यादव को थाना सिंभावली, तहसीलदार धौलाना प्रवीण कुमार को थाना पिलखुवा, नायब तहसीलदार धौलाना वैशाली अहलावत को थाना धौलाना, नायब तहसीलदार हापुड़ पुष्पांकर देव को थाना हाफिजपुर क्षेत्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया है।
जानकारी साझा करेंगे राजस्व निरीक्षक और लेखपाल
राजस्व निरीक्षक और लेखपालों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है, जो आवंटित क्षेत्रों में रहकर अपनी लाइव लोकेशन टीम तहसील पर डालना सुनिश्चित करेंगे। एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि आठ लेखपाल, राजस्व निरीक्षकों को ड्यूटी आवंटित कर दी गई है।
अराजकता का अंदेशा होेने पर दें सूचना
जुमे की नमाज के दौरान शांतिपूर्वक माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कसी है। शांति व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए मोबाइल नंबर 9454416777 भी जारी किया है। इस पर कोई भी व्यक्ति अराजकता का अंदेशा होते ही फोन या व्हाट्सएप कर सकता है।
ये रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
जोनल मजिस्ट्रेट--03
सैक्टर मजिस्ट्रेट---09
पीएसी---------02 कंपनी
पुलिस कर्मी------1500
कोट-
जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। माहौल बिगाड़ने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धर्म गुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। - दीपक भूकर, एसपी।
बृहस्पतिवार को बुलंदशहर रोड पर पैदल मार्च निकालते अधिकारी । संवाद- फोटो : HAPUR
बृहस्पतिवार को बुलंदशहर रोड पर ड्रोन कैमरे से निगरानी करते पुलिसकर्मी । संवाद- फोटो : HAPUR
बृहस्पतिवार को गढ़ रोड पर रूट मार्च निकालते अधिकारी । संवाद- फोटो : HAPUR