चीनी मिलों के खिलाफ एक जून से आंदोलन करेगी भाकि यू
हापुड़। भाकियू की मासिक पंचायत में बुधवार को सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिल द्वारा किसानों को बिना ब्याज खाद, बीज उधार न दिए जाने के विरोध में एक जून से आंदोलन का एलान किया। साथ ही गन्ना भुगतान और रवजाहे में पानी न आने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि अनूपशहर नहर में पानी आने के बावजूद रजवाहों में पानी नहीं आ रहा है। जबकि किसानों को गन्ना व धान के लिए पानी की अति आवश्यकता है। सिंभावनी और ब्रजनाथपुर मिल प्रबंधन से बार बार कहने के बाद भी किसानों को बिना ब्याज खाद, बीज, दवा उधार नहीं दी जा रही है। जिसके विरोध में एक जून से सिंभावली मिल के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक उपाध्यक्ष परमजीत सिंह ने कहा कि आढ़तियों द्वारा किसानों से गेहूं की खरीद पर एक किलोग्राम अतिरिक्त व ढाई प्रतिशत की आढ़त कटौती की जा रही है। कई गांवों में किसानों को बिना मुआवजा दिए ही बिजली लाइन बनाने के खंभे गाड़े जा रहे हैं, किसानों का यह शोषण बर्दाश्त नहीं होगा।
शासन के आदेश पर किसान सम्मान निधि का पैसा किसानों से वापस लिया जा रहा है। जबकि यह पैसा किसान के खाते में विभाग के सत्यापन के बाद ही आया है, इस तरह पैसा वापस लिया जाना गलत है। इस दौरान जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने मुकेश मुखिया, देवेंद्र त्यागी, बालूराम, राजवीर सिंह, सचिन शर्मा को टोपी पहनाकर संगठन की सदस्या दिलाई।
इस मौके पर दिनेश त्यागी, बबली सिंह, नीलम त्यागी, गुजराल सिंह, अनिल त्यागी, जीते चौहान, शोभाराम आर्य, हरीश त्यागी, श्याम सिंह, भगतराम सिंह, भावेंद्र सिसौदिया, अमित शर्मा, सतीश चंद, कन्हैयालाल, अमित कुमार, मुनव्वर खां, टीटू त्यागी आदि मौजूद रहे।