दूधिया रोशनी से जगमग होंगी गांव की गलियां
हापुड़। अब ग्रामीण क्षेत्र भी रोशनी से जगमगाएंगे, मुख्य मार्गों पर अंधेरा नहीं रहेगा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। गांवों में लाइट लगाने के लिए ग्राम प्रधान 15 वें वित्त का बजट प्रयोग करेंगे। इसके लिए पंचायत विभाग की ओर से ग्राम प्रधानों को निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकार ने ग्राम पंचायतों को शहर की तर्ज पर विकसित करने का वादा किया था। दोबारा सरकार बनने के बाद इस दिशा में कार्य तेज हो गया है। नाली, सड़कों, पार्कों और दूसरी व्यवस्थाओं के साथ गांवों में पथ प्रकाश की व्यवस्था प्राथमिकता में शामिल है।
अब जिले की सभी 273 ग्राम पंचायतें शहर की तर्ज पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए जिले के सभी ग्राम प्रधानों को कार्ययोजना बनाकर स्ट्रीट लाइट लगवाने का निर्देश जारी कर दिया गया है। स्ट्रीट लाइट मुख्य मार्गों पर लगाई जाएगी । योजना पर आने वाले खर्च का वहन 15वें वित्त द्वारा जारी बजट से किया जाएगा। जिले के सभी ग्राम प्रधानों को उनकी पंचायत में लगने वाली स्ट्रीट लाइट की संख्या व खर्च को पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
एक ग्राम पंचायत में लगेंगी 100 एलईडी लाइटें
स्मार्ट सिटी की तरह ग्राम पंचायतों को भी स्मार्ट बनाने के लिए शुरू हुई कवायद के तहत जिले की सभी 273 ग्राम पंचायतों में 100-100 एलईडी लाइटें लगेंगी। 100 एलईडी लाइटें लगने के बाद उस ग्राम पंचायत को पूर्ण मान लिया जाएगा । ग्राम प्रधान व सचिव आवश्यकता अनुसार गांव के मुख्य मार्गोंों व गांव के अन्य स्थानों पर इन लाइटों को लगाएंगे। जिन ग्राम पंचायतों में पूर्व की योजनाओं के तहत एलईडी लाइट लगी हुई है, उनमें लाइटों की संख्या घटाई जा सकती है।
कोट-
शासन के निर्देश के बाद सभी ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट लगने का निर्देश जारी कर दिया गया है। प्रधानों को कार्ययोजना बनाने के लिए कहा गया है। जल्द ही जिले के सभी गांव स्मार्ट लाइटों से लैस होंगे। - विरेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी।