मास्टर प्लान 2031: कॉलोनी विकसित करने के लिए जमीन की तलाश में प्राधिकरण
हापुड़। मास्टर प्लान 2031 के तहत विकास प्राधिकरण ने कॉलोनी विकसित करने की योजना बनाई है। धनौरा मार्ग पर सर्वे की तैयारी है। कुछ किसानों ने प्राधिकरण में जमीन देने की सहमति दे भी दी है। इस योजना के साकार होने पर जिलेवासियों का प्रमाणित कॉलोनियों में आशियाना बनाने का सपना पूरा हो सकता है।
एचपीडीए के मास्टर प्लान 2031 में पहले चरण में हापुड़ और बाबूगढ़ को शामिल किया गया है। इस प्लान को लेकर आपत्तियां और सुझाव मांगे जा रहे हैं। एचपीडीए ने इसी वित्तीय वर्ष में आवासीय कॉलोनी बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्राधिकरण मानक के अनुरूप क्षेत्र तलाश रहा है। प्राधिकरण को ऐसे स्थानों की तलाश है जहां से रोड कनेक्टिविटी सुगम हो। जमीन भी कॉलोनी बसाने लायक हो। प्राधिकरण के अधिकारी शहर के आसपास सर्वे कर रहे हैं। हाल ही में धनौरा के कुछ किसानों ने भी प्राधिकरण में जाकर अपनी भूमि देने की इच्छा जताई है। इस गांव के पास से हाईवे गुजर रहा है।
दोयमी, धनौरा के पास काटी जा रहीं अवैध कॉलोनियां
दोयमी, धनौरा मार्ग पर जमकर अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। किसानों से औने पौने दामों पर जमीन खरीदकर काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण कार्रवाई कर रहा है। बाबूगढ़, कुचेसर रोड चौपला, उपैड़ा फ्लाई ओवर से पहले, बछलौता, रसूलपुर के पास भी अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं।
कोट
मास्टर प्लान के तहत इसी वित्तीय वर्ष में आवासीय कॉलोनियों के लिए जमीन तलाश का प्रयास है। दोयमी धनौरा मार्ग पर भी बड़े एरिया की तलाश की जा रही है। कुछ किसानों ने भी प्राधिकरण में आकर जमीन देने की इच्छा जताई है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी जमीन तलाशी जा रही है। -दिनेश कुमार, ओएसडी