हापुड़ में बनेगा अमृत मानसरोवर पार्क, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
हापुड़। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को 12 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास हो गए, जिसमें 19 वार्डों में 155 विकास कार्य और 24 नालों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली। जिले में एक अमृत मानसरोवर पार्क, ओपन जिम, यूपीएसआईडीसी पार्कों के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।
शुक्रवार को बोर्ड बैठक नवनिर्मित जिला पंचायत सभागार में 12 बजे शुरू हुई। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि अमृत मानसरोवर पार्क सरकार की प्राथमिकता में शामिल है, इसके निर्माण से जिले को गति मिलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूण की अध्यक्षता में पंचायत सदस्यों द्वारा दी गई। वित्तीय वर्ष 2022-23 की कार्य योजना को रखा गया। जिसमें चार प्रस्ताव शामिल थे।
एएमए आरती मिश्रा ने बताया कि बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 का पुनरीक्षित बजट एवं 2022-23 का मूल बजट की स्वीकृति पर विचार हुआ, जिसे स्वीकृति मिल गई। वर्ष 2021-22 में तैयार की गई विकास कार्य योजनाओं को भी स्वीकृति किया गया। वित्तीय वर्ष 2022-23 हेतु प्रस्तावित किए जाने वाले संपत्ति एवं विभव कर दाता सूची का अनुमोदन भी मंजूर किया गया।
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्यों के आवास पर पता संबंधी बोर्ड, जिले के प्रवेश मार्ग पर स्वागत संबंधी बोर्ड लगाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। यूपीएसआईडीसी पार्कों के सुंदरीकरण पर मुहर लगी, ऐसे ग्रामीण क्षेत्र जहां पर स्थापित औद्योगिक इकाईयों से जिला पंचायत द्वारा कर व लाइसेंस फीस की वसूली की जा रही है, वहां पर नागरिक सुविधाओं की आपूर्ति के लिए उक्त औद्योगिक इकाईयों से वसूले गए राजस्व का 20 फीसदी विकास कार्यों के लिए व्यय किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में एक अमृत मानसरोवर की स्थापना की जाएगी। साथ में एक ओपन जिम और पार्क भी विकसित किया जाएगा, जहां नौका विहार का भी लोग लुत्फ उठा सकेंगे। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 के श्रम बजट को भी पास किया गया।
बोर्ड बैठक में 19 वार्डों में 155 विकास कार्य, 24 नालों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली। बजट की उपलब्धता के अनुसार यह कार्य कराए जाएंगे, इस कार्य योजना में अन्य कार्य भी शामिल किए जाएंगे। इस दौरान वार्ड नंबर 19 के जिला पंचायत सदस्य सुमित सिसौदिया ने कहा कि गांव सपनावत में तालाब और पार्कों का सुंदरीकरण हो, मंडलायुक्त द्वारा इस तालाब का निरीक्षण किया गया था। क्योंकि इसमें नौकायन से पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा। साथ ही गांव सपनावत में गोशाला का का निर्माण होना चाहिए।
इस मौके पर हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया, सीडीओ प्रेरणा सिंह, बीएसए अर्चना गुप्ता, डीडीओ संजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार समेत जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक में अपने प्रस्ताव रखती जिला पंचायत सदस्य- फोटो : HAPUR